रायपुर 31 जुलाई 2021। आज राजधानी रायपुर स्थित श्री रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में लिवर प्रत्यारोपण की जटिल शल्य क्रिया से नया जीवन पाने वाली 6 माह की बच्ची ताक्षी के परिजनों और डॉक्टरों से मुलाकात की और ताक्षी के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मैं सफल लिवर प्रत्यारोपण से नया जीवन पाने वाली बच्ची ताक्षी के स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूँ साथ ही जटिल शल्यक्रिया की सफलता के लिए हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. सन्दीप दवे एवं उनकी टीम को बधाई भी देता हूँ।
डॉक्टरों से प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर निवासी श्री लव सिन्हा की 6 माह की बच्ची ताक्षी बिलारी अग्रेसिया नामक लिवर की गम्भीर बीमारी से ग्रसित थी। यह बीमारी बच्चों में जन्मजात होती है, जिसमें पित्त की नलियां ब्लॉक होने की वजह से पीलिया बढ़ता है और लीवर क्षतिग्रस्त होने लगता है। जिसके उपचार के लिए लीवर प्रत्यारोपण की आवश्यकता होती है।

छत्तीसगढ़ सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं ‘मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना और डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना’ की सहायता से नन्हीं ताक्षी का निःशुल्क और सफल ऑपरेशन सम्भव हो पाया।
हमारी सरकार निरंतर ऐसी योजनाओं पर कार्य कर रही है जिससे आमजनमानस को हर सुविधा आसानी से मिल पाए।










