कृषि उन्नति योजना के हितग्राहियों को दी गई विष्णु की पाती
कोण्डागांव 21 दिसंबर 2024। राज्य सरकार के सुशासन के एक साल पूरे होने के अवसर जिले में विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज स्थानीय ऑडिटोरियम में ‘सुशासन का एक साल-छत्तीसगढ़ हुआ खुशहाल’ विषय पर किसान सम्मेलन एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। सम्मेलन में कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य विभाग से संबंधी योजनाएं, शासन की महत्वाकांक्षी कार्यक्रम एवं अन्य गतिविधियों का विगत एक वर्ष में महत्वपूर्ण की उपलब्धियों की जानकारी आम नागरिकों को दी गई, इसमें मुख्य रूप से कृषि उन्नति योजना, जिसके अंतर्गत 3100 रूपए समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान की खरीदी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना की जानकारी दी गई। कृषक संगोष्ठी में उपस्थित 700 से अधिक किसानों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पाती का वितरण किया गया और किसानों का शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मान भी हुआ।
मुख्य अतिथि नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतू उसेण्डी ने छत्तीसगढ़ के जनमन के लिए दिए गए विष्णु की पाती का वाचन किया और कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किसानों का निरंतर कल्याण हो रहा है। उन्होंने सभी किसानों से शासन की कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शासन के एक साल पूर्ण होने और खरीफ की अच्छी फसल होने पर किसानों को बधाई देते हुए जिले में धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है और अब तक 50 प्रतिशत से अधिक किसान धान बेच चुके हैं। शासन की मंशा है कि किसान खुशहाल रहे, इसके लिए जिला प्रशासन कटिबद्ध होकर कार्य कर रही है। उन्होंने किसानों के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभ उठाने की अपील की।
विष्णु की पाती पाकर खिले किसानों के चेहरे :
किसान सम्मेलन एवं संगोष्ठी में शामिल होने वाले किसानों को राज्य सरकार के एक साल पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री साय द्वारा भेजी गई विष्णु की पाती का वितरण किया गया। कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे किसानों ने मुख्यमंत्री का संदेश मिलने पर खुशी जताते हुए कहा कि राज्य शासन द्वारा 3100 रूपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से किसानों को बहुत राहत मिल रही है।
किसानों के लिए क्विज प्रतियोगिता का हुआ आयोजन :
कार्यक्रम में किसानों के लिए कृषि से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ, जिसमें किसानों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस मौके पर कृषि संबंधी विभिन्न प्रश्नों का सही जवाब देने वाले किसानों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एडीएम चित्रकांत चार्ली ठाकुर, कृषि, उद्यानिक, पशुपालन, मत्स्य पालन और सहकारिता विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।