रायगढ़ 2 अप्रैल 2022।छत्तीसगढ़ में आत्महत्या की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से रोजाना आत्महत्या की खबरें सामने आ रही है। ताजा मामला रायगढ़ जिले का है, जहां नगर निगम की पार्षद संजना शर्मा ने खुदकुशी कर ली। जानकारी के मुताबिक उन्होंने गुरुवार को कुछ जहरीला पदार्थ खा लिया था। इसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। बता दें कि संजना शर्मा कांग्रेस की बहुत चर्चित और तेज तर्रार नेता थीं। पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा है कि अगर उन्हें कुछ होता है तो इसका जिम्मेदार उसे ही माना जाए।
अभी रायगढ़ नगर निगम का बजट सत्र चल रहा है। रोज की तरह वार्ड 27 से पार्षद संजना शर्मा भी बुधवार को उसमें शामिल हुई थीं। इसके बाद वो घर पहुंची। बताया जा रहा है कि देर रात ही उन्होंने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालांकि उन्होंने क्या खाया इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उनकी ओर से भी किसी को नहीं बताया गया था। पार्षद संजना के भाई ने जब गुरुवार दोपहर उन्हें उल्टी करते देखा तो उन्हें जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी मिली। इसके बाद संजना को दोपहर करीब ढाई बजे आनन-फानन में मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सुसाइड नोट में लिखा युवक का नाम
इसकी सूचना मिलने पर पुलिस समेत कांग्रेस नेता और दूसरे लोग अस्पताल पहुंचे। इधर, पोस्टमार्टम के बाद पुलिस शाम को पार्षद संजना शर्मा के घर उनके कमरे की तलाशी लेने के लिए पहुंची। वहां पर पुलिस को एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। ये सुसाइड नोट एक प्रार्थना पत्र के रूप में है, जिसे थाना प्रभारी को संबोधित करते हुए लिखा गया है। SP अभिषेक मीणा ने बताया कि सुसाइड नोट में एक न्यूज पोर्टल चलाने वाले युवक का जिक्र है। सुसाइड नोट में लिखा है कि उसने फेसबुक, सोशल मीडिया के साथ पोर्टल न्यूज में मेरे विषय में बहुत अनर्गल बातें लिखी हैं। अगर मुझे कुछ भी होता है तो इसका जिम्मेदार उसे माना जाए।
पुलिस ने उजागर नहीं किया पहचान
वहीं पुलिस ने अभी तक युवक का नाम उजागर नहीं किया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पार्षद संजना शर्मा करीब 3 महीने पहले निगम सभापति के कक्ष में महिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष बरखा सिंह से विवाद के बाद चर्चा में आई थीं। बरखा सिंह ने अतिक्रमण के मुद्दे पर सभापति चैंबर में घुसकर संजना शर्मा को गालियां दीं और हाथापाई की थी। इस मामले ने फिर काफी तूल पकड़ा था और संजना शर्मा ने मामले की शिकायत बड़े नेताओं से की थी, जिसके बाद महिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष बरखा सिंह पर कार्रवाई भी हुई थी। फिलहाल इस मामले को लेकर पुलिस जांच कर रही है।