मुंबई 4 नवंबर 2022। कन्याकुमारी से शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ी यात्रा अब महाराष्ट्र में प्रवेश करने वाली है। यह यात्रा 7 नवंबर की शाम सात बजे के करीब पड़ोसी राज्य तेलंगाना से महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के देगलुर पहुंचने वाली है। इस यात्रा में शामिल होने से पहले प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता तेज चलने की प्रैक्टिस करने में जुट गए हैं।
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि वह और अन्य नेता तेज चलने की प्रैक्टिस रहे हैं, ताकि यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ कदम से कदम मिलाकर चला जा सके। राज्य कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि वह यात्रा के दौरान खुद को फिट रखने के लिए एक्सरसाइज कर रहे हैं। नांदेड़ के रहने वाले अशोक चव्हाण ने कहा कि नांदेड़ के नागरिक यात्रा में शामिल होने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जब भी हमें समय मिलता है हम प्रैक्टिस कर रहे हैं। चलना स्वास्थ्य के लिए अच्छा है।
नाना पटोले ने कहा कि पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख के रूप में राहुल गांधी के साथ राज्य में यात्रा के पूरे 382 किलोमीटर लंबे हिस्से की यात्रा करना उनका कर्तव्य है। कांग्रेस नेता और नांदेड़ से विधायक डीपी सावंत ने कहा कि राज्य के पार्टी नेता यात्रा के दौरान जितना हो सके, पैदल चलने की कोशिश करेंगे।
15 विधानसभा और छह संसदीय क्षेत्रों से होकर गुजरेगी यात्रा
डीपी सावंत ने कहा कि अशोक चव्हाण और अन्य नेता हर सुबह पांच किलोमीटर पैदल चल रहे हैं। महाराष्ट्र में भारत जोड़ो यात्रा अपने 14 दिनों के प्रवास के दौरान 15 विधानसभा और छह संसदीय क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। भारत जोड़ो यात्रा सोमवार शाम को देगलुर के मदनूर नाका पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 6.30 बजे पैदल मार्च डेगलुर बस स्टैंड से शुरू होगा। महाराष्ट्र कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा के स्वागत के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। यहां राज्य का पूरा नेतृत्व मौजूद रहेगा।